भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिह चौहान ने स्मार्ट सिटी उद्यान में नीम, पीपल और बरगद के पौधे लगाए।मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ आई शुभ श्री सेवा समिति और रेडियो माय एफ.एम. की टीम ने भोपाल में माय एफ.एम. के 15 वर्ष पूर्ण होने पर स्मार्ट सिटी उद्यान में पौधरोपण किया। श्री चौहान ने आज लगाए गए पौधों का महत्व बताते हुए कहा कि पीपल एक छायादार वृक्ष है। यह पर्यावरण शुद्ध करता है।
इसका धार्मिक और आयुर्वेदिक महत्व है। एंटीबायोटिक तत्वों से भरपूर नीम को सर्वोच्च औषधि के रूप में जाना जाता है। बरगद के पेड़ को वट वृक्ष या बड़ भी कहा जाता है। बरगद का धार्मिक महत्व है। आयुर्वेद के अनुसार बरगद के पेड़ से कई बीमारियों का इलाज संभव है।
श्री चौहान ने रेडियो माय एफ.एम. के सफल 15 वर्ष पूर्ण करने पर शुभकामनाएँ और बधाई दी है। उन्होंने कहा कि माय एफ.एम. समाज को जोड़ने, स्वस्थ मनोरंजन प्रदान करने और युवाओं सहित सभी आयु वर्ग में समाज कल्याण के लिए कार्य करने की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए समर्पित है।
उन्होंन कहा कि पौध रोपण के लिए आई शुभ श्री सेवा समिति, अपंग, निराश्रित, असहाय बच्चों और महिलाओं के कल्याण के लिए गतिविधियाँ संचालित करती हैं। यह समिति पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, महिला सुरक्षा, पोषण, योग-प्रशिक्षण के लिए लोगों को प्रेरित करती है।
.