- मल्लिकार्जुन खड़गे नए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित।
- अपने प्रतिद्वंद्वी पार्टी के ही शशी थरूर को 6825 मतों के भारी अंतर से शिकस्त दी।
- सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी कांग्रेस के निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई दी।
देश की सबसे बड़ी और पुरानी पार्टी कांग्रेस का 17 अक्टूबर को हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे आज बुधवार को पार्टी के नए अध्यक्ष निर्वाचित हो गए। आज ज्यों ज्यों मतगणना आगे बढ़ती गई मल्लिकार्जुन खड़गे को शशी थरूर से मतों के संख्या के आधार पर बढ़त मिलती गई। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर को 6,825 मतों के अंतर से पराजित किया। कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने मल्लिकार्जुन खरगे को निर्वाचित घोषित किया। उन्होंने बताया कि खड़गे को 7,897 वोट मिले वहीं दूसरी तरफ शशी थरूर को 1,072 वोट प्राप्त हुए। मधुसूदन मिस्त्री ने साथ ही बताया कि चुनाव में 9,385 वोट पड़े थे और इनमें से 416 वोट अवैध करार दिए गए।
मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस का नया अध्यक्ष चुने जाने पर पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी का आभार जताया और इस चुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वी रहे थरूर को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल के इतिहास में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने लगातार देश के लोकतंत्र को मजबूत किया और संविधान की रक्षा की है। खड़गे ने कहा, ‘लोकतंत्र खतरे में है और संविधान पर हमला बोला जा रहा है ऐसे में कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर सांगठनिक चुनाव कराकर देश के लोकतंत्र को मजबूत किया है।
खड़गे ने इसके साथ ही कहा, ‘हम सभी को एक साथ मिलकर पार्टी के कार्यकर्ताओं की तरह काम करना है।पार्टी में कोई भी बड़ा या छोटा नहीं होता। हमें सांप्रदायिकता की आड़ में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला करने वाली फासीवादी ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना होगा।
उधर शशि थरूर ने चुनाव नतीजों की आधिकारिक घोषणा से पहले ही अपनी हार स्वीकार करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई देते हुए कहा, ‘अंतिम फैसला खड़गे के पक्ष में रहा, कांग्रेस चुनाव में उनकी जीत के लिए मैं उन्हें हार्दिक बधाई देना चाहता हूं।उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस का अध्यक्ष बनना बड़े सम्मान, बड़ी जिम्मेदारी की बात है।शशि थरूर ने कहा कि यह चुनाव किसी एक व्यक्ति से संबंधित नहीं था। यह कांग्रेस पार्टी के बारे में था। मैं हमेशा से देश में एक सशक्त कांग्रेस पार्टी का पक्षधर रहा हूं क्योंकि देश के लिए कांग्रेस को मजबूत करना बहुत जरूरी है।
मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं भी दी।
राहुल कुमार सिंह